नमस्कार दोस्तों स्वागत है आपका हमारे ब्लॉग चैनल अद्भुत फीजिक्स में । इस चैनल के द्वारा हम आपको बताएंगे विज्ञान के महत्वपूर्ण शाखाओं, परिभाषाओं, सूत्रों, नियमों, सिध्दांतों और रोचक तथ्यों के बारे में। तो चलिए शुरू करते हैं :-



विज्ञान (Science)
प्रकृति रहस्यमयी एवं विविधताओं से परिपूर्ण है। मानव अनादिकाल से नियमित रूप से रात-दिन का होना, ऋतु में परिवर्तन होना, सूर्य ग्रहण, चन्द्र ग्रहण, इन्द्र धनुष का बनना , भूकंप, ज्वालामुखी आंधी-तूफान, ज्वार-भाटा आदि प्राकृतिक परिघटनाओं (Phenomena) का अवलोकन करता रहा है तथा इनके कारणों को जानने का प्रयास करता रहा है। अपनी जिज्ञासा को शांत करने के लिए उसने अपनी ज्ञानेन्द्रियों का सहारा लिया और आगे चलकर नये-नये उपकरणों एवं यंत्रों का अविष्कार करते हुए प्रकृति और प्राकृतिक परिघटनाओं को समझने का प्रयास किया ।
Science शब्द की व्युत्पत्ति लैटिन के शब्द ” Scientia” से हुआ है जिसका अर्थ है ‘जानना’ (to know) ।
तर्क और प्रयोग विज्ञान के महत्वपूर्ण औजार होते हैं।
विज्ञान की परिभाषा ( Definition of Science)
प्रकृति और प्राकृतिक परिघटनाओं के क्रमबद्ध प्रेक्षणों, सुसंगत तर्कों एवं प्रयोगों से प्राप्त सुव्यवस्थित ज्ञान को विज्ञान कहते हैं।
विज्ञान का उद्देश्य ( (Aim of Science)
विज्ञान का उद्देश्य हमारे चारों ओर घटने वाली घटनाओं को जितना अधिक-से-अधिक संभव हो विस्तार पूर्वक एवं गहराई से समझना है तथा इस प्रकार प्राप्त ज्ञान का उपयोग घटनाओं को नियंत्रित करने, भविष्यवाणी करने तथा जनकल्याणकारी बनाने में करना है। समय के साथ विज्ञान का क्षेत्र विस्तृत हो रहा है।
विज्ञान की शाखाएं (Branches of Science)
अध्ययन की सुविधा के लिए विज्ञान को दो शाखाओं में वर्गीकृत किया गया है –
(1)भौतिकीयविज्ञान( Physical Science) – इसके अंतर्गत भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, भू-विज्ञान, खगोल विज्ञान आदि का अध्ययन किया जाता है।
(2) जैव विज्ञान ( Biological science ) – इसके अंतर्गत जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान आदि का अध्ययन किया जाता है।